Loksabha Election 2024: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्षत्रिय समुदाय के गुस्से ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं. इसी बीच बीजेपी सांसद महेश शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि जो लोग मोदी और योगी को अपना नहीं मानते, वे अपने पिता को भी अपना नहीं मानेंगे. कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने इस वीडियो को शेयर करते हुए बीजेपी पर तंज कसा है.
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने महेश शर्मा का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “‘जो लोग मोदी और योगी को अपना नहीं मानते वे अपने पिता को भी अपना नहीं मानेंगे’ – महेश शर्मा, बीजेपी सांसद।” उन्होंने आगे लिखा, “देश के कई हिस्सों में बीजेपी के प्रति राजपूतों का गुस्सा साफ दिख रहा है. कहा जा रहा है कि गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र, जहां से महेश शर्मा उम्मीदवार हैं, वहां ठाकुरों ने खुलेआम उनके प्रति अपनी अस्वीकृति व्यक्त की है.”
महेश शर्मा के बयान पर विवाद
बीजेपी सांसद महेश शर्मा का यह वीडियो पिछले शुक्रवार का बताया जा रहा है जब उन्होंने बुलंदशहर के खुर्जा में एक चुनावी रैली को संबोधित किया था. वहां उन्होंने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा, ”जब विपक्षी उम्मीदवार वोट मांगने आएं तो उन्हें खाना खिलाएं…लेकिन उनसे पूछें कि अगर मैं उन्हें अपना वोट दूंगा तो वे आपका क्या भला करेंगे.”
चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग
महेश शर्मा ने आगे कहा, ‘अरे जो लोग मोदी और योगी को अपना नहीं मानते.. वो अपने बाप को भी अपना नहीं मानेंगे, मैं ये कहना चाहता हूं. अगर कोई मोदी और योगी से ज्यादा वफादार है और अपना कहने की बात करता है तो वह गद्दार है.. देश और प्रदेश का भला नहीं चाहते अपनों की बात करने वालों से पूछो 20 साल तक कहां थे.”
बीजेपी सांसद के इस बयान से राजनीति गरमा गई है, जहां सुप्रिया श्रीनेत ने महेश शर्मा को घेरने की कोशिश की, वहीं यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास ने उनके बयान पर चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा, ”अगर आप निष्पक्ष हैं तो कार्रवाई करें, नहीं तो महेश शर्मा के मुताबिक आप मोदी के साथ हैं.”

