Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Election 2024) का शंखनाद हो चुका है. बता दें कि यूपी में लोकसभा चुनाव (Loksabha Election 2024) के दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार यानी 28 मार्च से शुरू हो गई है। इस चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटें शामिल हैं. राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में चुनाव होंगे। इन सभी 8 लोकसभा सीटों पर चुनाव की अधिसूचना 28 मार्च को जारी हो गई थी और नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है.
जमानत राशि जमा करने होंगे
चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, राजनीतिक दलों को अपने उम्मीदवारों का फॉर्म-ए और फॉर्म-बी 4 अप्रैल दोपहर 3 बजे की समय सीमा तक जमा करना होगा. यह समय सीमा स्वतंत्र उम्मीदवारों पर भी लागू होती है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान, उम्मीदवार अधिकतम तीन वाहनों के साथ रिटर्निंग ऑफिसर या सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय के 100 मीटर की परिधि में आ सकते हैं। इसी प्रकार उम्मीदवार सहित अधिकतम पांच व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति होगी। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 25,000 रुपये, जबकि एससी-एसटी उम्मीदवारों को 12,500 रुपये सिक्योरिटी के तौर पर जमा करने होंगे.
26 अप्रैल को मतदान
चुनाव की तारीखों की बात करें तो चुनाव आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में शामिल लोकसभा सीटों के लिए नामांकन 4 अप्रैल तक दाखिल किए जा सकेंगे. नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रों की जांच 5 अप्रैल को होगी और अगर कोई उम्मीदवार नाम वापस लेना चाहता है तो 8 अप्रैल तक नाम वापस ले सकता है. इन सीटों के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा, जिसमें कुल 1.67 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इसके लिए कुल 7797 मतदान केंद्र और 17,677 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं.

