संसद के दोनों सदनों में व्यवधान के चलते सोमवार को कार्यवाही स्थगित हो गई। लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे और राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई। लोकसभा में विपक्ष के हंगामे कारण कार्यवाही को कुछ समय में ही स्थगित करना पड़ा। राज्यसभा में आज रजनी अशोकराव पाटिल का कार्यवाही से निलंबन वापस ले लिया गया। विशेषाधिकार समिति ने उन्हें सदन की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग करने का दोषी पाया और दंड स्वरूप उनके अबतक निलंबन को पर्याप्त माना।
इसके बाद भाजपा के राजस्थान से सदस्य धनश्याम तिवारी ने राजस्थान में कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया। इसपर नेता सदन पीयूष गोयल ने कहा कि मणिपुर पर सरकार चर्चा के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष इससे भाग रहा है। वे चाहते हैं कि सभापति राजस्थान पर चर्चा की अनुमति प्रदान करें। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

