Lok Sabha Elections 2024: 2024 लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उत्तर प्रदेश में सक्रिय हो गई है. सूत्रों ने दावा किया है कि इसी सिलसिले में यूपी बीजेपी चीफ भूपेन्द्र चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद को दिल्ली तलब किया गया है. सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह और इन नेताओं के बीच मुलाकात होगी.
प्रस्तावित नामों पर अंतिम मुहर लग सकती है
इस मुलाकात के दौरान आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की रणनीति के साथ-साथ मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है. सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को ही दिल्ली पहुंचेंगे. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को दिल्ली पहुंचेंगे .
माना जा रहा है कि गृह मंत्री के साथ इस मुलाकात के दौरान कैबिनेट विस्तार के लिए प्रस्तावित नामों पर अंतिम मुहर लग सकती है. फिलहाल राजनीतिक गलियारों में कैबिनेट विस्तार में ओम प्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान और आकाश सक्सेना के शामिल होने की अटकलें चल रही हैं. हालांकि, इन नामों को लेकर बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. इससे पहले सूत्रों की ओर से दावा किया गया था कि यूपी कैबिनेट का विस्तार नवरात्रि के बाद होगा. हालांकि, अब कहा जा रहा है कि दिवाली के बाद नए नेताओं को कैबिनेट में शामिल किया जाएगा.
सहयोगी दलों पर चर्चा?
इसके अलावा आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हो सकती है. बीजेपी उन सीटों को लेकर खास तौर पर सतर्क है जहां 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और बीएसपी के साथ कांटे की टक्कर थी. इसके अलावा, पार्टी उन सीटों पर ध्यान केंद्रित कर रही है जहां उसे पिछले चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और अपना दल (एस) की सीटों को लेकर चर्चा हो सकती है. चुनाव के लिए तीनों पार्टियां पहले ही अपने सिंबल पर उम्मीदवार उतारने की बात कह चुके हैं. इसलिए इन मामलों पर बीजेपी का रुख मायने रखता है.

