Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) के अंतिम चरण में एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम के भक्तों और उनके विरोधियों के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा है. सीएम योगी ने कहा कि यह चुनाव राम भक्तों और उनके विरोधियों के बीच है, और राम द्रोही कभी विजयी नहीं हुए हैं और न ही कभी होंगे।
बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी और मौजूदा सांसद रवि किशन के लिए प्रचार किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दिवंगत वीर बहादुर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया था क्योंकि उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर का ताला खुलवाने में योगदान दिया था. उन्होंने आगे कहा कि आज भी कांग्रेस का दावा है कि राम मंदिर का निर्माण नहीं होना चाहिए था, क्योंकि इससे दुनिया में गलत संदेश गया.
‘यह चुनाव राम के भक्तों और उनका विरोध करने वालों के बीच है’
इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि सपा राम मंदिर को बेकार मानती है. उन्होंने कहा कि उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गयी है. उन्होंने कहा कि राम मंदिर पर रोजाना जुटने वाली भीड़ से साफ है कि मंदिर तो ठीक है, लेकिन उनके दिमाग में बकवास भरी हुई है, इसलिए उन्हें राम मंदिर बेकार लगता है।
सीएम योगी ने कहा कि ये पूरा चुनाव राम भक्तों और उनका विरोध करने वालों के बीच है. उन्होंने कहा कि रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाले आपको धोखा देने की कोशिश करेंगे. राम का विरोध करने वाले कभी चैन से नहीं बैठ पाये हैं. आज एक तरफ राम के भक्त हैं तो दूसरी तरफ उनका विरोध करने वाले हैं। राम का विरोध करने वाले न पहले कभी विजयी हुए हैं और न भविष्य में होंगे।
1 जून को होगी वोटिंग
गोरखपुर लोकसभा सीट बीजेपी का गढ़ रही है. सीएम योगी आदित्यनाथ यहां से लगातार पांच बार सांसद रहे हैं. इस बार बीजेपी ने मौजूदा सांसद रवि किशन को फिर से टिकट दिया है. उनका मुकाबला इंडिया गठबंधन की काजल निषाद से है. इस सीट पर सातवें और आखिरी चरण में 1 जून को वोटिंग होगी. आखिरी चरण के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही पूरी ताकत लगा रहे हैं.

