Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे साफ हो गए हैं। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और एनडीए को बहुमत हासिल हुआ है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। राहुल गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट छोड़ सकते हैं।
वायनाड सीट छोड़ सकते हैं राहुल गांधी
सूत्रों का दावा है कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से संसद जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, रायबरेली में राहुल गांधी की जीत का अंतर ज्यादा है। साथ ही, यह उनकी मां सोनिया गांधी की पूर्व संसदीय सीट भी है।
राहुल गांधी ने लगातार दूसरी बार केरल की वायनाड लोकसभा सीट जीती है। यहां उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सीपीआई की एनी राजा को 3.64 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया। इस बार उन्होंने उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट पर भी शानदार जीत हासिल की है।
राहुल गांधी ने कहा था कि पहले चर्चा करेंगे
4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजों पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “मैंने रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों पर जीत हासिल की है। मैं दोनों लोकसभा क्षेत्रों के मतदाताओं का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।” उन्होंने कहा था कि पहले चर्चा करेंगे और फिर तय करेंगे कि कौन सी सीट बरकरार रखेंगे।
इस लोकसभा चुनाव में भले ही INDIA गठबंधन को बहुमत नहीं मिला, लेकिन उसने एनडीए को कड़ी टक्कर दी। देश की 543 लोकसभा सीटों में से एनडीए ने 293 सीटें जीतीं, INDIA गठबंधन ने 234 सीटें जीतीं और अन्य ने 16 सीटें जीतीं।
बीजेपी को बहुमत नहीं मिलने से दिल्ली में सरकार गठन को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। आज शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर INDIA गठबंधन की बैठक भी हुई है।

