Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) के लिए आज अंतिम चरण का मतदान संपन्न हो गया। अब थोड़ी देर में एग्जिट पोल के नतीजे जारी किए जाएंगे। हालांकि, वास्तविक नतीजे 4 जून को आएंगे। उससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा किया है कि इस चुनाव में INDIA गठबंधन कम से कम 295 से अधिक सीटें जीतेगा।
टीवी डिबेट में लेंगे भाग
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज कम से कम ढाई घंटे तक एक बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विषयों, खासकर चुनाव पर चर्चा हुई। सभी राजनीतिक दलों ने पूर्व निर्धारित एग्जिट पोल को लेकर भाजपा और उसके इकोसिस्टम को बेनकाब करने का फैसला किया है। एग्जिट पोल में भाग लेने के पक्ष और विपक्ष के कारकों पर विचार करने के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी विपक्षी दल आज शाम टेलीविजन पर एग्जिट पोल की बहस में भाग लेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन ने फैसला किया है कि खासकर भाजपा और उनके सहयोगी, एग्जिट पोल पर चर्चा करेंगे। इसलिए लोगों में कोई भ्रम नहीं होना चाहिए और जो लोग नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहे हैं, हम उनकी सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा, मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा किया कि गठबंधन कम से कम 295+ सीटें जीत रहा है।
बहस में भाग लेने से कांग्रेस ने किया था इनकार
इससे पहले, कांग्रेस ने एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर टीवी चैनलों की बहस में भाग लेने से इनकार कर दिया था। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि उनके विचार में, केवल टीआरपी के लिए, परिणाम घोषित होने से पहले कोई भी सार्वजनिक अनुमान लगाकर उन्माद में भाग लेने का कोई औचित्य नहीं है। किसी भी बहस का उद्देश्य दर्शकों का ज्ञान बढ़ाना होता है।

