Lok Sabha Election 2024: अंतरिम जमानत पर तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक बार फिर बीजेपी के खिलाफ आक्रामक रुख दिखा रहे हैं. शनिवार को उन्होंने दिल्ली के मशहूर हनुमान मंदिर में पूजा की और बजरंगबली से आशीर्वाद मांगा. इसके बाद उन्होंने दक्षिणी दिल्ली से पार्टी के उम्मीदवार सहीराम पहलवान के समर्थन में सीएम भगवंत मान के साथ रोड शो किया. उन्होंने आज सुबह 11 बजे आम आदमी पार्टी के विधायकों के साथ बैठक बुलाई है.
सीएम अरविंद केजरीवाल की पार्टी विधायकों के साथ बैठक सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर होगी. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, ”यह एक महत्वपूर्ण बैठक है और इसमें दिल्ली में 25 मई में होने वाले आगामी लोकसभा चुनावों पर चर्चा होगी.
विधायकों को बीजेपी को हराने का मंत्र देंगे
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान सीएम सभी को चुनाव के दौरान वोटिंग से पहले की रणनीति की जानकारी देंगे और लोकसभा में बीजेपी को हराने का फॉर्मूला भी देंगे. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा कि सुबह 11 बजे पार्टी विधायकों के साथ अहम बैठक है. उसके बाद दोपहर 1 बजे वह पार्टी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे.
मोती नगर और उत्तम नगर में करेंगे रोड शो
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद शाम 4 बजे वह मोती नगर में नई दिल्ली सीट से लोकसभा प्रत्याशी सोमनाथ भारती के समर्थन में रोड शो करेंगे. इसके बाद शाम 6 बजे वह उत्तम नगर इलाके में पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से प्रत्याशी महाबल मिश्रा के समर्थन में रोड शो करेंगे. उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से इस रोड शो में शामिल होने की अपील की है.
दरअसल, आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 1 जून तक अंतरिम जमानत दे दी थी. शीर्ष अदालत ने उन्हें चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत दे दी है. 1 जून को लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान खत्म होने के बाद 2 जून को उन्हें सरेंडर कर वापस जेल जाना होगा.

