Lok Sabha Election 2024: देश में लोकसभा चुनाव 2024 अपने चरम पर पहुंच गया है. लोकसभा की लगभग आधी सीटों पर चुनाव खत्म हो गया है। केंद्र की सत्ता में लगातार तीसरी बार आने के लिए भाजपा के दिग्गज नेता और पीएम नरेंद्र मोदी देश के अलग-अलग हिस्सों में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 25 मई को पांचवे चरण में चुनाव होने है। यहां लगातार तीसरी बार क्लीन स्वीप के इरादे से चुनावी मैदान में उतरना चाहेगी। इसके लिए भाजपा कोई कोर कसर नही छोड़ना चाहेगी।
18 से 22 मई के बीच हो सकता है रैलियों का आयोजन
इसी के मद्देनजर दिल्ली में पीएम की रैलियों का कार्यक्रम भी लगभग तय हो चुका है. कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी 15 मई के बाद दिल्ली में दो रैलियां कर सकते हैं। पीएम मोदी के अलावा जिन अन्य प्रमुख हस्तियों के दिल्ली में प्रचार करते नजर आने की उम्मीद है उनमें बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ भी शामिल हैं।
दिल्ली बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने खुलासा किया कि पीएम मोदी दो रैलियां कर सकते हैं. संभावना है कि उनकी रैली 18 मई से 22 मई के बीच होगी. इस बीच, दिल्ली बीजेपी की मीडिया इकाई ने जानकारी दी है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी चांदनी चौक से उम्मीदवार के समर्थन में एक सार्वजनिक जनसभा करेंगे. इसके अलावा, राजस्थान के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ बुधवार को पूर्वी दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा के लिए रोड शो करेंगे।
ये नेता मनोज तिवारी के लिए उनके संसदीय क्षेत्र में करेंगे प्रचार
इस बीच, हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर पूर्वोत्तर दिल्ली के उम्मीदवार मनोज तिवारी के समर्थन में एक सार्वजनिक बैठक में भाग लेंगे। वहीं, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अमित शाह की रैलियां और रोड शो की तैयारी है। बीजेपी की तैयारियों की बात करें तो महिला सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है जो 14 जिला इकाइयों में होगा.
बीजेपी की महिला इकाई संभालेगी कमान
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि इन बैठकों में सोशल मीडिया की प्रभावशाली हस्तियां भी हिस्सा लेंगी। दिल्ली बीजेपी की महिला इकाई की प्रमुख ऋचा पांडे मिश्रा ने कहा कि सम्मेलन की शुरुआत बुधवार से उत्तर पश्चिमी जिले से होगी. वहीं सचदेवा ने कहा कि हर सम्मेलन में कम से कम तीन हजार महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी.

