Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव ( Lok Sabha Election 2024) के तीसरे चरण में मंगलवार को 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 93 सीटों पर औसतन 64.58 फीसदी मतदान हुआ. सबसे अधिक मतदान असम में 81.71 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि उत्तर प्रदेश में सबसे कम 57.34 प्रतिशत मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में छिटपुट हिंसा के अलावा मतदान शांतिपूर्ण रहा. मतदान प्रतिशत में बदलाव की उम्मीद है क्योंकि चुनाव आयोग ने अभी तक अंतिम आंकड़े जारी नहीं किये हैं.
तीन चरणों में कुल 280 सीटों पर मतदान के साथ ही आधे से ज्यादा लोकसभा सीटों पर चुनाव संपन्न हो चुका है. इस बीच पश्चिम बंगाल में एक बार फिर हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं. ज्यादातर घटनाएं मुर्शिदाबाद और जंगीपुर में हुईं. दोनों इलाकों में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस, बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई. तीनों पार्टियों ने चुनावी हिंसा को लेकर शिकायत दर्ज कराई है.
यह भी पढ़ें: UP IPS Transfer: लोकसभा चुनाव के दौरान चला तबादला एक्सप्रेस, चार IPS अफसरों का हुआ ट्रांसफर
दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में कैद!
इस चरण में गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है. शाह गांधीनगर से चुनाव लड़ रहे हैं. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना से, मनसुख मंडाविया पोरबंदर से, पुरूषोत्तम रूपाला राजकोट से, प्रह्लाद जोशी धारवाड़ से और एसपी सिंह बघेल आगरा से मैदान में हैं। एमपी के पूर्व सीएम शिवराज चौहान विदिशा से, दिग्विजय सिंह राजगढ़ से और एनसीपी नेता सुप्रिया सुले बारामती से उम्मीदवार हैं।

