देश में इन दिनों सीबीआई और ईडी नेताओं के कांड को लेकर ऐसे पीछे पड़ी हुई है जैसे चूहे को पकड़ने के लिए बिल्ली दौड़ लगती है। दिल्ली में शराब घोटाले को लेकर मनीष सिसोदिया को ईडी ने हिरासत में ले लिया है वहीं अब बिहार में लालू प्रसाद यादव के पर और उनके पूरे परिवार पर मुसीबतों के बादल मंडरा रहें हैं।
14 साल पहले यानि साल 2009 में रेल मंत्री के पद पर लालू यादव ने नौकरी के बदले कथित जमीन घोटाला किया था जिसके लेकर केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक्शन शुरू कर दिया है। सीबीआई का कहना है कि लालू यादव ने पटना के 12 लोगों को ग्रुप डी में चुपके से नौकरी दी और उनसे अपने परिवार के लोगों के नाम पटना में जमीनें लिखवा लीं।
सीबीआई ने ये भी दावा किया है कि लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती और हेमा यादव के नाम प्लॉट्स की रजिस्ट्री कराई गई और जमीन की मामूली कीमत नकद में चुकाई गई। उधर रेलवे में जिन पदों पर भर्ती हुई, उसका न तो विज्ञापन निकाला गया और न ही सेंट्रल रेलवे को सूचना दी गई। आवेदन देने के 3 दिन के अंदर 7 उम्मीदवारों को नौकरी दे दी गई।
इन जमीनों की सौदा नकद में हुआ, बेहद कम दामों में इन जमीनों को खरीदा गया और बाद में बड़े मुनाफे के साथ बेच दिया गया। इनमें से पांच जमीनें तो लालू प्रसाद यादव के परिवार ने खरीदी थी जबकि दो लालू परिवार को गिफ्ट के तौर पर मिलीं। लालू के इस घोटाले में अब पूरा परिवार लपेटे में आ गया है अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को इस मामले में पूछताछ के लिए समन जारी किया है।
सीबीआई ने इससे पहले भी तेजस्वी यादव को 4 फरवरी को समन जारी किया था लेकिन वह जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए थे। लैंड फॉर जॉब स्कैम में तेजस्वी के खिलाफ मिले सबूतों के आधार पर यह समन जारी किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को ही ‘लैंड फॉर जॉब’ स्कैम मामले में ईडी ने दिल्ली, और पटना सहित करीब 15 जगहों पर छापेमारी की थी।
यह छापेमारी तेजस्वी यादव और लालू यादव की बेटियों के घर के अलावा अन्य राजद नेताओं के आवास पर भी कई गई. इस दौरान जांच एजेंसी ने बड़ी मात्रा में नकदी, विदेशी करेंसी और सोना बरामद किया। पिछले सोमवार यानि 6 मार्च को सीबीआई (CBI) ने लालू की पत्नी व बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से पटना में पूछताछ की थी, करीब 4 घंटे तक सवाल-जवाब हुए थे। राउज एवेन्यू कोर्ट ने इस मामले में सभी आरोपियों को पेश होने के लिए समन भी जारी किया हुआ है।
सीबीआई मामले में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। विशेष अदालत ने लालू यादव और उनके परिवार के सदस्यों सहित अन्य आरोपियों को 15 मार्च को अदालत में पेश होने के लिए समन जारी किया है।

