फरवरी का महीना यूं तो साल का सबसे छोटा महीना होता है, लेकिन इस महीने में बनी यादें जिंदगी भर साथ रह जाती है। अपने साथ हल्की गुनगुनी धूप लेकर आने वाला फरवरी कई प्यार भरी कहानियां भी साथ लेकर आता है।
आज 14 फरवरी है। वेलेंटाइन डे। प्यार का दिन। प्रेमी-प्रेमिकाओं का दिन। यूँ तो प्यार का कोई एक दिन नहीं होता। वह कभी भी जताया जा सकता है लेकिन प्रेमी-प्रेमिकाओं ने एक खास दिन (14 फरवरी) को चुना है। आज के दिन को प्रेमी युगल बड़े ही जोर शोर से मनाते है। एक दूसरे से प्यार का इजहार करते है लेकिन क्या आप जानते हैं कि वेलेंटाइन डे मनाने की शुरुआत कब और क्यों हुई थी। नहीं तो हम आपको यह बताने जा रहे हैं।
वेलेंटाइन डे मनाने की शुरुआत कब और क्यों हुई
तीसरी सदी में रोम में सम्राट क्लॉडियस का शासन था, जो यह मानता था कि विवाह करने से पुरुषों की शक्ति व बुद्धि कम हो जाती है। इस वजह से उसने यह फरमान निकाला कि उसका कोई भी सैनिक या अफसर शादी नहीं करेगा। जिसके बाद संत वेलेंटाइन ने इस आदेश का विरोध किया।
संत वेलेंटाइन के आह्वान पर कई सैनिकों व अधिकारियों ने शादी की। जिसका नतीजा यह रहा कि क्लॉडियस ने 14 फरवरी वर्ष 269 को संत वेलेंटाइन को फांसी की सजा दे दी। तब से संत वेलेंटाइन की याद में ‘वेलेंटाइन डे’ मनाया जाने लगा।

