Kisan Samman Nidhi: लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के ठीक एक दिन बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने किसानों को लेकर एक अहम फैसला किया है। आज यानी 10 जून को प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की एक किस्त जारी करने के लिए एक फाइल पर हस्ताक्षर किए हैं।
बता दें कि पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम किसान सम्मान निधि) की 17वीं किस्त जारी करने की फाइल पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे 9.3 करोड़ किसानों को लाभ मिलेगा और लगभग 20,000 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
फाइल पर हस्ताक्षर करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों के कल्याण के लिए अधिक से अधिक काम करने की इच्छा व्यक्त की, इस बात पर जोर दिया कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी में पीएम मोदी ने देशभर के लाखों किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 16वीं किस्त जारी की थी।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना क्या है?
केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सालाना 6,000 रुपये की मदद दी जाती है। यह पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता है। यह रकम 2,000 रुपये की तीन किस्तों में भेजी जाती है, जो हर चार महीने में किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है।

