राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आज संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत है। इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। बता दें कि इस महापंचायत में 15,000 से अधिक किसानों के पहुंचने की संभावना है। रामलीला मैदान के आसपास दिल्ली पुलिस के अलावा पैरा मिलिट्री के जवान भी तैनात हैं।
दिल्ली के यातायात पुलिस ने विशेष तौर पर वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा है कि वे रामलीला मैदान के आसपास की सड़कों विशेष रूप से दिल्ली गेट से अजमेरी गेट चौक व जेएलएन मार्ग का इस्तेमाल करने से बचें। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि रामलीला मैदान के आसपास की सड़कों का इस्तेमाल करने से परहेज करें।
इसके अलावा यातायात पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि बाराखंभा रोड से गुरु नानक चौक तक रणजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड से कमला बाजार व विवेकानंद मार्ग, जेएलएन मार्ग (दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक), कमला मार्केट से गुरु नानक चौक तक, चमन लाल मार्ग, आसफ अली रोड की ओर अजमेरी गेट, पहाड़गज चौक, झंडेवालान, देशबंधु गुप्ता रोड से अजमेरी गेट तक यातायात पर प्रतिबंध रहेगा।

