खालिस्तानी समर्थक और वारिस पंजाब दे प्रमुख अमृतपाल और उसके 9 साथियों को आज पंजाब पुलिस ने अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारियां अजनाला थाने पर हमले से जुड़े केस में की गईं है।
बता दें कि अमृतपाल के 6 साथियों को शनिवार दोपहर जालंधर से मोगा की तरफ जाते समय पकड़ा गया। यहां पंजाब पुलिस के घेरा डालते ही अमृतपाल खुद गाड़ी में बैठकर भाग निकला। पुलिस की करीब 100 गाड़ियों ने लगभग डेढ़ घंटा पीछा करने के बाद उसे जालंधर के नकोदर एरिया से दबोच लिया। हालांकि उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। 2 लोगों को अमृतसर और एक को मोगा में उसके खेतों से गिरफ्तार किया गया।
इस बीच माहौल बिगड़ने की आशंका के चलते पंजाब में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं है। राज्य में रविवार दोपहर 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट और बल्क SMS सेवाएं बंद रहेगी। समूचे पंजाब में पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। अमृतसर, फाजिल्का, मोगा और मुक्तसर समेत कई जिलों में धारा 144 लगा दी गई है। हालांकि इसकी वजह 19 और 20 मार्च को अमृतसर में होने वाला G20 देशों का सम्मेलन बताया जा रहा है।
उधर अमृतपाल की गिरफ्तारी के विरोध में मोहाली में प्रदर्शन शुरू हो गया। यहां चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर लगे इंसाफ मोर्चा में मौजूद लगभग 150 निहंग नंगी तलवारें और डंडे लेकर सड़क पर उतर आए। मोहाली में शाम से एयरपोर्ट रोड जाम करके बैठे निहंगों के प्रदर्शन में भीड़ बढ़ती जा रही है जिसके बाद यहां रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के अलावा बुलेटप्रूफ ट्रैक्टर भी तैनात कर दिया गया।

