दिल्ली की शराब नीति के खिलाफ बीजेपी 16 मार्च से बड़ा आंदोलन छेड़ने जा रही है। इस दौरान पार्टी राष्ट्रपति से दिल्ली सरकार की बर्खास्तगी की मांग करेगी और इस मुद्दे पर विधानसभा का घेराव भी करेगी। शराब नीति घोटाले से मचे बवाल के बीच दिल्ली सरकार ने शराब नीति को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने मौजूदा पुरानी शराब नीति को जारी रखने का फैसला किया है। आज यानी बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने मौजूदा आबकारी नीति को 6 महीने के लिए आगे बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
दरअसल, मौजूदा आबकारी नीति का समय 31 मार्च को खत्म हो रहा है। जिसे 6 महीने के लिए आगे बढ़ाने का प्रस्ताव आबकारी विभाग की तरफ से दिया गया था। आबकारी मंत्री की तरफ से इसे मंजूरी देने के बाद प्रस्ताव मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पास पहुंचा जिसे मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को नई आबकारी नीति पर तेजी से काम करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से डिटेल प्लान तैयार करने को कहा है। जिससे जल्द से जल्द दिल्ली को एक नई आबकारी नीति दी जा सके।
ड्राइ-डे की लिस्ट भी घोषित
बता दें कि दिल्ली सरकार ने ड्राई डे की लिस्ट भी जारी कर दी है। दिल्ली में आगामी तीन महीने में 5 ड्राइ डे रहेंगे। दिल्ली सरकार ने 4 अप्रैल को महावीर जयंती, 7 अप्रैल को गुड फ्राइडे, 22 अप्रैल को ईद उल फितर, 5 मई को बुद्ध पूर्णिमा और 29 जून को ईद उल जुहा पर ड्राई डे घोषित किया है।

