दिल्ली की आम आदमी पार्टी और केजरीवाल सरकार पर जासूसी के आरोप लगे हैं। यह आरोप सीबीआई की जाँच में पता चले हैं। केजरीवाल सरकार पर भाजपा के नेताओं की जासूसी करने का आरोप लगा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक केजरीवाल सरकार जब 2015 में सत्ता में आई थी तब उसने एक फीडबैक यूनिट बनाई थी।
इस यूनिट का काम विभागों, संस्थानों, स्वतंत्र संस्थानों की निगरानी करना था और यहां के कामकाज पर प्रभावी फीडबैक देना था, जिसके आधार पर जरूरी सुधारों पर एक्शन लिया जा सके, लेकिन इसके इतर दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने नेताओं और अफसरों की जासूसी कराई।
बता दें कि सीबीआई ने जांच में आरोपों को सही पाया है। इसके बाद सीबीआई ने दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से आगे की जाँच के लिए अनुमति मांगी है। उपराज्यपाल ने अब यह मामला महामहिम राष्ट्रपति के पास जाँच के लिए भेज दिया है।
सांसद मनोज तिवारी ने कही बड़ी बात
इस खुलासे के बाद दिल्ली में राजनीतीक सरगर्मी बढ़ गयी है। भाजपा ने आम आदमी पार्टी को जासूसी के मुद्दे को लेकर घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की फीडबैक यूनिट जासूसी कर रही है। आम आदमी पार्टी छिपकर बातें सुन रही है। आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली के लिए काम नहीं कर रहे, बल्कि दिल्ली के टैक्सपेयर्स के पैसे से अवैध तरीके से जासूसी करते हैं।
गौरतलब है कि सीबीआई ने शुरुआती जाँच में पाया है कि फीडबैक यूनिट को जो काम दिया गया था वह इसके इतर जासूसी करने में जुट गयी थी। वह ख़ुफ़िया राजनीतीक जानकारियां जुटाने लगी थी। यह फीडबैक यूनिट आम आदमी पार्टी को लाभ पहुँचाने वाली मुद्दों के लिए जानकारियां जुटाने लगी। इसके अलावा यह यूनिट किसी व्यक्ति की राजनीतिक गतिविधियों, उससे जुड़े संस्थानों की ख़ुफ़िया जानकारी भी जुटा रही थी। बता दें कि केजरीवाल सरकार द्वारा बनाई गयी फीडबैक यूनिट ने 700 केसों की जाँच की है। जिनमें 60 प्रतिशत केस राजनीतिक थे। या फिर ऐसे केस थे जिसकी निगरानी से कोई लेना देना नहीं था। यह बात साफ़ नहीं हुई है की फीडबैक यूनिट अभी सक्रीय है या नहीं।
दरअसल यह जाँच एक अफसर की शिकायत के बाद शुरू की गयी थी। 2016 में विजिलेंस डिपार्टमेंट में काम कर रहे एक अफसर ने शिकायत की थी। जिसके बाद सीबीआई ने जांच शुरू की थी। पिछले माह 12 जनवरी 2023 को सीबीआई ने विजिलेंस डिपार्टमेंट में रिपोर्ट दाखिल की। सीबीआई ने उप-राज्यपाल वीके सक्सेना से दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग की है। इसके अलावा सीबीआई ने 2016 में विजिलेंस डायरेक्टर रहे सुकेश कुमार जैन और कई अन्य पर केस दर्ज करने की मंजूरी मांगी है।

