Kanpur News : उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से एक बेहद दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। शहर के चमनगंज थाना क्षेत्र स्थित गांधी नगर इलाके में एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच सदस्य जिंदा जलकर मौत के शिकार हो गए। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी तीन मासूम बेटियां शामिल हैं। हादसे ने पूरे इलाके को शोक और दहशत में डाल दिया है।
शॉर्ट सर्किट से फैली आग, बचाया नहीं जा सका परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी, उसकी निचली मंजिल पर जूतों का कारखाना चलाया जा रहा था और ऊपरी मंजिलों पर लोग रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण कारखाने में आग लगी, जो कुछ ही मिनटों में पूरे भवन में फैल गई। आग इतनी भयानक थी कि पांचों मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। इस दौरान एक परिवार ऊपर की मंजिलों में फंसा रह गया और समय रहते बाहर नहीं निकल सका।
8 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 38 दमकल गाड़ियों की मदद
जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आठ घंटे तक राहत और बचाव का कार्य जारी रहा। इस दौरान 38 दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए जुटी रहीं। हालात की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ से विशेष एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) टीम को भी बुलाया गया।
रेस्क्यू टीम को मिले पांच शव
जब आग पर काबू पाया गया और टीमों ने इमारत के भीतर दाखिल होकर तलाशी शुरू की, तो अंदर का मंजर बेहद भयावह था। एसडीआरएफ की टीम ने अंदर से पांच शव बरामद किए, जो एक ही परिवार के सदस्य थे पति, पत्नी और तीन बच्चियां। सभी बुरी तरह झुलस चुके थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि मौके पर फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
इलाके में पसरा मातम और डर का माहौल
घटना (Kanpur News) के बाद से गांधी नगर और आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है। रातभर लोग जागते रहे, आग की लपटों और चीख-पुकार ने पूरे माहौल को दहशत में बदल दिया। इस दुखद हादसे ने एक बार फिर से शहरी इलाकों में अवैध रूप से संचालित फैक्ट्रियों और सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

