J-K Terrorist Attack: जम्मू के डोडा में हुए आतंकी हमले को लेकर भारत सरकार सख्त रुख में है। इस हमले के बाद मंगलवार (16 जुलाई 2024) यानी आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से फोन पर बात की। उन्होंने सेना प्रमुख को आतंकी गतिविधियों पर कड़ा रुख अपनाने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजनाथ सिंह ने जनरल उपेंद्र द्विवेदी को फोन कर इस बात पर जोर दिया कि आतंकियों और उनके संगठनों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। रक्षा मंत्री ने सेना प्रमुख से डोडा में आतंकियों से चल रही मुठभेड़ के बारे में भी जानकारी मांगी।
मुठभेड़ में चार जवान शहीद
गौरतलब है कि सोमवार देर रात जम्मू के डोडा जिले में भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने अचानक हमला कर दिया। आतंकियों की सूचना मिलते ही सेना मौके पर पहुंच गई और मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल एक अधिकारी समेत चार जवानों की मंगलवार (16 जुलाई 2024) को मौत हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने इन चार मौतों की पुष्टि की है।
रात में सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़
सेना के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह के जवानों ने देसा जंगल के धारी गोटे उरबागी इलाके में शाम करीब 7:45 बजे संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। आतंकियों की गोलीबारी में हमारे जवान घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: Reasi Bus Attack : वैष्णो देवी तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर आतंकवादी हमला, 10 की मौत और 33 घायल
कश्मीर टाइगर्स ने हमले की जिम्मेदारी ली
सेना के अधिकारियों ने बताया कि आतंकियों से निपटने के लिए घेराबंदी मजबूत कर दी गई है। जवानों को मजबूत समर्थन देने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल भेजे गए हैं। तलाशी अभियान और मुठभेड़ अभी भी जारी है। इस बीच, आतंकी संगठन कश्मीर टाइगर्स ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

