IT RAID : सपा नेता आजम खान के ठिकानों पर आयकर विभाग (आईटी) के छापे के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गर्म हो गई है। जहां एक ओर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं तो वही दूसरी ओर भाजपा ने भी पलटवार करना शुरू कर दिया है। बता दें कि भाजपा और सपा के बीच इस कार्रवाई को लेकर जुबानी जुंग शुरू हो गयी है।
अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि “सरकार जितनी कमजोर होगी उतना ही विपक्ष पर छापे बढ़ते जाएंगे।”
इस ट्वीट के बाद यूपी भाजपा की ओर से प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मोर्चा संभाला और सपा प्रमुख पर जोरदार हमला किया। केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष के लोगों को अगर ये लगता है कि भ्रष्टाचार करने के बाद उन पर कार्रवाई नहीं होगी तो ये गलत है। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव समझते हैं कि विपक्ष के लोग भ्रष्टाचार करके बच जाएंगे, उनके ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं होगी, तो ऐसा नहीं है, अगर सरकार को भ्रष्टाचार की सूचना मिलेगी तो आईटी विभाग को छापा मारने का अधिकार है। अगर कोई संस्था अपनी जांच कर रही हो, उस बीच किसी राजनेता को इस तरह बयानबाजी करके बाधा, अड़चन और माहौल खराब करने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
गौरतलब है कि आयकर विभाग आज सुबह से ही आजम खान के कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार यह छापेमारी मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट में टैक्स चोरी के सिलसिले में की गई है।

