India-US Relations: अमेरिका से निर्वासित किए गए 104 भारतीयों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान बुधवार को श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। अमेरिकी सैन्य विमान C-17 में पंजाब और पड़ोसी राज्यों के अवैध अप्रवासी शामिल थे।
इनमें सबसे अधिक संख्या पंजाब, हरियाणा और गुजरात के लोगों की है। पंजाब से कुल 30 लोग इस लिस्ट में शामिल हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के कुछ लोग भी इनमें शामिल बताए जा रहे हैं।
पंजाब पुलिस ने की निगरानी, डीजीपी ने जारी किया बयान
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रवासियों की सहायता के लिए हवाई अड्डे पर विशेष काउंटर स्थापित किए हैं। पंजाब के विभिन्न जिलों की पुलिस एयरपोर्ट पर मौजूद रही और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।
पंजाब सरकार ने जताई चिंता
पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने अमेरिकी सरकार के इस फैसले पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन भारतीयों को निर्वासित करने के बजाय अमेरिका में स्थायी निवास प्रदान किया जाना चाहिए था, क्योंकि उन्होंने वहां की अर्थव्यवस्था में योगदान दिया था।
उन्होंने यह भी बताया कि कई भारतीय ‘वर्क परमिट’ पर अमेरिका जाते हैं, लेकिन जब उसकी अवधि समाप्त हो जाती है तो वे अवैध प्रवासी बन जाते हैं।
ये भी पढें..
अवैध यात्रा से बचने की अपील
मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाबियों से अवैध तरीकों से विदेश यात्रा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विदेश में अवसरों का लाभ उठाने के लिए कौशल और शिक्षा प्राप्त करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को विदेश यात्रा करने से पहले कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी लेने और भाषा कौशल विकसित करने की सलाह दी।

