भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तहत खेले जा रहे चौथे और अंतिम टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत ने इस मैच में मजूबत पलटवार करते हुए ऑस्ट्रेलिया को करारा जवाब दिया है। बता दें कि तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर भारत ने 3 विकेट पर 289 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 59 और रवींद्र जडेजा 16 रन बनाकर नाबाद क्रीज पर मौजूद हैं। भारत की तरफ से शुभमन गिल ने बेहतरीन शतकीय पारी खेलते हुए 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 128 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी के आधार पर अभी भी 191 रन आगे है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 480 रन बनाए थे।
चौका मारकर करियर का दूसरा शतक पूरा किया
इससे पहले आज भारत को कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की। मैथ्यू कुहनेमन ने रोहित को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। रोहित ने 58 गेंदों पर 3 चौके और एक छक्के की बदौलत 35 रन बनाए। इसके बाद गिल ने पुजारा के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया।
इस दौरान मिचेल स्टॉर्क की गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं, पुजारा भी लय में दिखे। दोनों ने संभलकर खेलते हुए भारतीय टीम का स्कोर 187 रन तक पहुंचाया। इस दौरान गिल ने टॉड मर्फी की गेंद पर चौका मारकर अपने करियर का दूसरा शतक पूरा किया। हालांकि गिल के शतक के बाद इसी ओवर में मर्फी ने पुजारा को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। पुजारा ने 42 रन बनाए। हालांकि आउट होने से पहले उन्होंने गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की मजबूत साझेदारी की।
कोहली और जडेजा की जोड़ी क्रीज पर मौजूद
गिल ने इसके बाद विराट कोहली के साथ 58 रनों की साझेदारी की और टीम का स्कोर 245 रनों तक ले गए। 245 के कुल स्कोर पर नाथन लियोन ने गिल को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया। गिल ने 235 गेंदों पर 12 चौके और एक छक्के की बदौलत 128 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। इसके बाद कोहली और जडेजा ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 44 रनों की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मैथ्यू कुहनेमन, नाथन लियोन और टॉड मर्फी ने 1-1 विकेट लिए।

