भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दिल्ली में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का पहला सेशन मेहमान टीम ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। पहले सेशन में कुल 26 ओवर का खेल हुआ। भारत ने लंच ब्रेक तक 67 रन बनाकर चार विकेट गंवा दिए। इस दौरान केएल राहुल 17, रोहित शर्मा 32, चेतेश्वर पुजारा 00 और श्रेयस अय्यर 04 रन बनाकर आउट हुए। भारत का स्कोर 4 विकेट पर 88 रन है। वहीं रन मशीन विराट कोहली 14 और सर रवींद्र जडेजा 15 रन बनाकर नाबाद है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी चारों विकेट नाथन लियोन ने लिए हैं।
गौरतलब है कि इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उस्मान ख्वाजा और पीटर हैंड्सकॉम्ब के अर्धशतक के चलते कंगारू टीम ने पहली पारी में 263 रन बनाए। भारत के लिए शमी ने चार और अश्विन-जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए।
लियोन की फिरकी में फंसे भारतीय बल्लेबाज
बहरहाल, आज जब दूसरे दिन का खेल शुरू हुआ उस वक्त भारत के दोनों सलामी बल्लेबाज क्रीज पर मौजूद थे और अपने कल के स्कोर 21 रन से आगे खेलना शुरू किए। 46 रन के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। भारत को यह झटका नाथन लियोन ने दिया। इसके कुछ ही देर बाद लियोन ने भारत को एक ही ओवर में दोहरा झटका दिया। उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा को भी जल्दी ही चलता किया। पुजारा अपना 100 वा टेस्ट मैच खेल रहे हैं लेकिन उन्होंने अपने इस पारी में अपने दर्शकों को निराश किया। इसके बाद क्रीज पर आए अय्यर भी कुछ खास नहीं कर पाए और केवल चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

