INDI Alliance Rally: आज दिल्ली के रामलीला मैदान में “INDI गठबंधन” की पार्टियों ने ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ का आयोजन किया जहां समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला. रैली में बोलते हुए अखिलेश यादव ने लोकतंत्र बचाओ रैली के आयोजन के लिए आम आदमी पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने रामलीला मैदान के ऐतिहासिक महत्व पर टिप्पणी किया. उन्हें आमंत्रित करने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को धन्यवाद दिया।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा, “आज जब हम दिल्ली आए हैं, तो दिल्लीवाले बाहर गए है. वे अब हमेशा हमेशा के लिए बाहर जा रहे है. उन्होंने कहा वे 400 पार का नारा देते है अगर उन्हें 400 पार सीटें आ रही थी तो अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को गिरफ्तार क्यों किया?
स्वागत करते हैं, तो धूमधाम से विदाई भी देते हैं
इसके अलावा, अखिलेश यादव ने कहा “उत्तर प्रदेश के लोग स्वागत करते हैं, तो वे धूमधाम से विदाई भी देते हैं। आपने चुने हुए मुख्यमंत्रियों को जेल भेज दिया है, और पूरी दुनिया इसके लिए आपका मजाक उड़ा रही है।” उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा, “वे दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करते हैं, लेकिन उनका दस साल का कार्यकाल झूठ से भरा है। अब वे ईडी से मदद मांगने का सहारा ले रहे हैं क्योंकि वे ये 400 सीटें हार रहे हैं।”
अखिलेश यादव ने इस बात का उल्लेख करते हुए कहा कि देश सब जानता है कि ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल जबरन वसूली के लिए किया जा रहा है और इस सच्चाई को दबाने के लिए राजनेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से भाजपा को चुनाव में हराने का आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि आपके वोट से ही देश का भविष्य बचेगा, आरक्षण बचेगा, उन्होंने कहा जब वोट पड़ेंगे तो भाजपा न सिर्फ दिल्ली बल्कि पूरा देश से बाहर होने जा रही है।’

