Independence Day 2024: दिल्ली में 15 अगस्त को झंडा कौन फहराएगा, इस पर सस्पेंस अब खत्म हो गया है। राजभवन ने इस काम के लिए दिल्ली के गृह मंत्री कैलाश गहलोत को नामित किया है। इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने आतिशी को यह अधिकार देने की सिफारिश की थी। केजरीवाल ने पहले तिहाड़ जेल से पत्र भेजा और बाद में गोपाल राय के जरिए आदेश जारी किया। सूत्रों के मुताबिक, राजभवन ने दिल्ली में मौजूदा हालात में झंडा फहराने को लेकर गृह मंत्रालय से दिशा-निर्देश मांगे थे।
आप ने LG के फैसले का किया स्वागत
गृह मंत्रालय ने कहा कि उपराज्यपाल दिल्ली सरकार के किसी भी मंत्री को झंडा फहराने के लिए नामित कर सकते हैं। इसके बाद एलजी ने दिल्ली के गृह मंत्री कैलाश गहलोत को यह जिम्मेदारी सौंपी। आम आदमी पार्टी ने एलजी के इस फैसले का स्वागत किया है। पार्टी ने कहा, “हम 15 अगस्त को दिल्ली के गृह मंत्री कैलाश गहलोत द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के फैसले का स्वागत करते हैं। यह कदम लोकतंत्र के सिद्धांत का सम्मान करता है, जिसमें नियुक्त प्रतिनिधि के बजाय निर्वाचित प्रतिनिधि को चुना जाता है, जो हमारे शासन में लोगों के जनादेश के महत्व को पुष्ट करता है।”
केजरीवाल नहीं फहरा सकेंगे झंडा
परंपरागत रूप से दिल्ली के मुख्यमंत्री छत्रसाल स्टेडियम में झंडा फहराते हैं। हालांकि, इस बार मुख्यमंत्री जेल में होने के कारण समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे। केजरीवाल ने हाल ही में एलजी को पत्र लिखकर अपनी शिक्षा मंत्री आतिशी को तिरंगा फहराने की अनुमति मांगी थी। लेकिन जेल प्रशासन ने नियमों का हवाला देते हुए पत्र को राजभवन नहीं भेजा। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को जीएडी के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र लिखकर बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री ने इच्छा जताई कि आतिशी 15 अगस्त के समारोह में झंडा फहराएं।
आतिशी को झंडा फहराने का निर्देश कानूनी रूप से गलत
आज दिल्ली सरकार के जीएडी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अनुपस्थिति में कैबिनेट ंत्री आतिशी आगामी स्वतंत्रता दिवस पर झंडा नहीं फहरा सकती हैं। जीएडी के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने गोपाल राय को पत्र लिखकर बताया कि आतिशी को झंडा फहराने का निर्देश कानूनी रूप से गलत है, इसलिए आतिशी को झंडा फहराने के निर्देश पर कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती। सुबह पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी आतिशी को अनुमति नहीं देने को लेकर उपराज्यपाल पर कड़ा हमला बोला था।

