Independence Day 2024: 78वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। महात्मा गांधी को नमन करते हुए उन्होंने भारत माता के उन महान सपूतों को भी नमन किया, जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान दिया और विभिन्न क्षेत्रों में देश की सेवा कर आजादी की लड़ाई में देश का मान बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस अवसर पर वह भारत माता और उसकी आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले क्रांतिकारियों की स्मृतियों को नमन करते हैं और उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। उन्होंने सभी को याद दिलाया कि 77 साल पहले आज ही के दिन हमारे देश को लंबे संघर्ष के बाद आजादी मिली थी। आज का दिन उन महान आत्माओं को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया। उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी समेत ज्ञात और अज्ञात क्रांतिकारियों की स्मृतियों को नमन किया।
‘हम एक नए भारत के साक्षी बन रहे हैं’
सीएम योगी ने यह भी कहा कि हमारा देश अमृत काल के तीसरे चरण में प्रवेश कर चुका है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम एक नए भारत के सपने को साकार होते देख रहे हैं। पिछले दस वर्षों में हमने एक नए भारत का उदय होते देखा है, जो एक महान भारत भी है। 25 करोड़ की आबादी वाला हमारा प्रदेश पिछले सात वर्षों में एक नई यात्रा पर निकल पड़ा है। यह यात्रा समृद्धि की है। हम सभी ने देखा है कि कैसे 2014 से 2024 तक देश 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में तब्दील हो गया है। इन सात वर्षों में उत्तर प्रदेश सुरक्षा के मामले में भी एक मॉडल के रूप में उभरा है।

