IND vs SL 1st ODI: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे के लिए शिवम दुबे को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया है। दुबे को साढ़े चार साल बाद वनडे मैच खेलने का मौका मिला। इस वनडे सीरीज के पहले मैच में ऋषभ पंत की वापसी नहीं हुई और टीम में विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल को चुना गया, जबकि श्रेयस अय्यर को सालाना अनुबंध में जगह न दिए जाने के बावजूद प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।
शिवम दुबे की लंबे समय बाद वनडे में वापसी
बता दें कि शिवम दुबे ने साढ़े चार साल पहले भारत के लिए वनडे में पदार्पण किया था और अपना पहला मैच 15 दिसंबर 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई में खेला था। उस मैच में दुबे ने 9 रनों की पारी खेली थी और इसके बाद उन्हें वनडे फॉर्मेट से बाहर कर दिया गया था। हालांकि, श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में उनकी वापसी हुई और पहले वनडे में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया। हार्दिक पांड्या के उपलब्ध न होने की वजह से दुबे भारत के लिए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर अच्छा विकल्प हैं।
ऋषभ पंत नहीं कर पाए वापसी
ऋषभ पंत श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुनी गई टीम का हिस्सा थे और इस बात पर चर्चा थी कि उन्हें मौका मिलेगा या नहीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वनडे सीरीज में केएल राहुल के रहते श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में पंत पर राहुल को तरजीह दी गई। पंत के साथ जब दुर्घटना हुई तो राहुल ने करीब डेढ़ साल तक वनडे में विकेटकीपर की भूमिका निभाई। टीम मैनेजमेंट ने राहुल पर भरोसा दिखाया और पंत फिलहाल वापसी नहीं कर पाए।
भारत की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।

