वर्ल्ड कप के अपने दूसरे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 रनों से हरा दिया। अमेरिका के न्यूयार्क में हुए इस मुकाबले के बाद एक बार फिर फैंस को क्रिकेट में दोनों पड़ोसियों के भिड़ने का इंतजार हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो अगले साल चैंपियन ट्रॉफी में एक बार फिर से दोनों टीम IND vs PAK आमने सामने होगी।
पाकिस्तान की मेजबानी में हो सकता IND vs PAK मुकाबला
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो पाकिस्तान की मेजबानी में होने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में IND vs PAK मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच अगला संभावित मैच इस बड़े टूर्नामेंट में आठ महीने बाद होगा, जो पाकिस्तान में खेला जाना है। हालांकि पाकिस्तान में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर तमाम अटकलों के बीच, यह अभी भी तय नहीं है कि भारतीय टीम इसमें भाग लेने के लिए वहां जाएगी या नहीं, क्योंकि बड़ा फैसला भारत सरकार के हाथ में है।
19 फरवरी से 9 मार्च के बीच खेला जाएगा टूर्नामेंट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का मसौदा कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (icc) को सौंप दिया गया है। जिसमें भारत-पाकिस्तान का मैच आठ टीमों की 15 मैचों की प्रतियोगिता का अंतिम लीग मैच होगा, जो संभवतः 19 फरवरी से 9 मार्च के बीच खेला जाएगा। अभी मैचों की तारीखों पर काम चल रहा है।
हाइब्रिड मॉडल के तहत खेला जाएगा IND vs PAK
ऐसे में यदि भारत सरकार पाकिस्तान में खेलने के खिलाफ निर्णय लेती है, तो टूर्नामेंट को संभवतः हाइब्रिड मॉडल के तहत खेला जाना होगा। हालांकि, सभी संभावनाओं के बावजूद, ऐसा माना जा रहा है कि पीसीबी को अपनी तैयारियां जारी रखने के लिए कहा गया है। इससे पहले, एक खबर में दावा किया गया था कि चैंपियंस ट्रॉफी के मैच लाहौर, कराची और रावलपिंडी में होंगे। पीसीबी ने भारत के मैचों की मेजबानी के लिए लाहौर को निर्धारित स्थल के रूप में चुना गया है।
आखिरी बार 2017 में खेला गया था टूर्नामेंट
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, टूर्नामेंट का पहला मैच 19 फरवरी को कराची में खेला जाएगा और फाइनल 9 मार्च, रविवार को लाहौर में खेला जाएगा। हालांकि पीसीबी या आईसीसी की ओर से हाइब्रिड मॉडल पर कोई बातचीत नहीं हुई है, लेकिन सभी की निगाहें बीसीसीआई और भारत सरकार पर टिकी हैं, क्योंकि उनका फैसला टूर्नामेंट के भाग्य का फैसला करेगा। चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट आखिरी बार 2017 में खेला गया था जब पाकिस्तान ने फाइनल में भारत को हराकर खिताब जीता था।

