IND Vs NZ 2nd Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला पुणे में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग 11 में कुछ अहम बदलाव किए, जिसमें वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया। सुंदर ने कप्तान रोहित शर्मा के फैसले को सही साबित करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और पहली पारी में 7 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि हासिल कर वे न्यूजीलैंड के खिलाफ एक पारी में 7 विकेट लेने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।
सुंदर का दमदार प्रदर्शन
वाशिंगटन सुंदर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतरीन फॉर्म में वापसी करते हुए 59 रन देकर 7 विकेट झटके। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भी भारतीय गेंदबाज का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले 2017 में रविचंद्रन अश्विन ने इंदौर टेस्ट में 59 रन देकर 7 विकेट लिए थे। खास बात यह है कि इस लिस्ट में टॉप चार में से तीन गेंदबाज तमिलनाडु के हैं।
ये भी पढ़ें..
भारत के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया, खासकर स्पिनरों ने। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 259 रन पर सिमट गई, जिसमें सभी 10 विकेट स्पिनरों के खाते में गए। वाशिंगटन सुंदर ने जहां 7 विकेट झटके, वहीं रविचंद्रन अश्विन ने भी 3 विकेट लेकर उनकी मदद की।
ये भी पढ़ें..
भारत के बेस्ट आंकड़े वाले गेंदबाज (न्यूजीलैंड के खिलाफ एक पारी में)
- 8/72 – एस वेंकटराघवन (1965)
- 8/76 – ईएएस प्रसन्ना (1975)
- 7/59 – आर अश्विन (2017)
- 7/59 – वाशिंगटन सुंदर (2024)
पहले दिन का खेल
पहले दिन के खेल में न्यूजीलैंड की टीम 259 रन पर ऑलआउट हो गई, जबकि भारत ने 16 रन पर अपना एक विकेट खो दिया है।

