IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट विशाखापत्तनम में डॉ. वाई.एस.राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 93 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 336 रन बना लिए हैं.
यशस्वी जयसवाल ने 179 रन बनाए और रविचंद्रन अश्विन 5 रन बनाकर नाबाद रहे. दिन के 91वें ओवर की आखिरी गेंद पर भारत ने केएस भरत का विकेट खोया, जिनका कैच शोएब बशीर की गेंद पर रेहान अहमद ने लपका। पवेलियन लौटने से पहले केएस भरत ने 23 गेंदों पर 17 रन बनाए. तीसरे सेशन में भारत ने 30 ओवर में 111 रन बनाए और 3 विकेट (रजत पाटीदार, अक्षर पटेल, केएस भरत) खोए.
एकबार फिर रोहित ने किया निराश
इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. चाय तक भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए. दूसरे सत्र के अंत तक यशस्वी जयसवाल 125 रन और रजत पाटीदार 25 रन बनाकर नाबाद थे। पहले सत्र में, रोहित शर्मा 14 रन और शुभमन गिल 34 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दूसरे सत्र में श्रेयस अय्यर ने पवेलियन लौटने से पहले 27 रन बनाये.
यह भी पढ़ें: UP Assembly: विधानसभा हुई राममय, भगवा देख भड़के अखिलेश यादव, कहा-लाल रंग के सामने…
भारत के लिए रजत पाटीदार और इंग्लैंड के लिए शोएब बशीर ने डेब्यू किया। हैदराबाद में खेला गया पहला टेस्ट मैच हारने के बाद टीम इंडिया 5 मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही है. अब फोकस सीरीज बराबर करने पर है. विराट कोहली दूसरे टेस्ट में भी टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं. केएल राहुल और रवींद्र जड़ेजा भी चोट के कारण इस टेस्ट मैच से बाहर हैं.

