IND vs BAN 2nd Test: कानपुर में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को दूसरी पारी में 146 रन पर ढेर कर दिया। पांचवें दिन पहले ही सेशन में टीम इंडिया ने बांग्लादेश की पारी समेट दी। रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह ने बांग्लादेश को दूसरी पारी में जल्दी आउट करने में अहम भूमिका निभाई। भारत को अब जीत के लिए 95 रन की जरूरत है। बांग्लादेश की दूसरी पारी में जडेजा, अश्विन और बुमराह ने 3-3 विकेट लिए।
बांग्लादेश ने पांचवें दिन की शुरुआत 26/2 के स्कोर से की, लेकिन उसने अपना तीसरा विकेट जल्दी खो दिया। हालांकि, शादमान इस्लाम और नजमुल हुसैन शांतो के बीच चौथे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी ने टीम को कुछ हद तक स्थिरता दी। ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेश बड़ा स्कोर खड़ा कर सकता है, लेकिन साझेदारी टूटने के बाद पूरी टीम ढेर हो गई।
अंत में मुशफिकुर रहीम और खालिद अहमद ने कुछ देर टिककर खेलते हुए 10वें विकेट के लिए 16 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करने के लिए टीम इंडिया के पास अभी 2 सेशन बाकी हैं। बांग्लादेश के लिए शादमान इस्लाम ने दूसरी पारी में 50 रन बनाए, जिसमें 10 चौके शामिल थे। जडेजा, अश्विन और बुमराह के साथ-साथ आकाश दीप ने भी भारत के लिए विकेट लिया और 1 सफलता हासिल की।
भारत की पहली पारी शानदार रही
अपनी पहली पारी में, टीम इंडिया ने 34.4 ओवर की धमाकेदार बल्लेबाजी के बाद 285/9 पर पारी घोषित कर दी। यशस्वी जायसवाल ने 51 गेंदों पर 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 72 रन बनाकर सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाया। इसके अलावा, केएल राहुल ने 43 गेंदों पर 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी की दमदार बल्लेबाजी से 52 रनों की बढ़त हासिल की।

