IND vs AUS 1st Test: पर्थ टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 218 रनों की बढ़त बना ली है। इस दौरान यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। यशस्वी 90 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि राहुल 62 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को खूब परेशान किया। यशस्वी और राहुल ने शतकीय साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में 104 रन पर आउट हो गई।
अपनी दूसरी पारी में टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट खोए 172 रन बनाए। भारत ने अपनी पहली पारी में 150 रन बनाए थे। दूसरी पारी के दौरान राहुल और यशस्वी ने पारी की शुरुआत की। राहुल ने 153 गेंदों का सामना किया और 62 रन बनाकर नाबाद रहे, उन्होंने चार चौके लगाए। यशस्वी ने 193 गेंदों का सामना किया और 90 रन बनाकर नाबाद रहे, जो शतक के करीब है मिशेल स्टार्क ने 12 ओवर में 43 रन दिए, जिसमें दो मेडन ओवर शामिल थे। जोश हेजलवुड ने 10 ओवर फेंके, जिसमें नौ रन दिए और पांच मेडन फेंके। कप्तान पैट कमिंस ने 13 ओवर में 44 रन दिए, जिसमें दो मेडन शामिल थे। नाथन लियोन ने 13 ओवर में आठ रन दिए। हालांकि, इनमें से कोई भी गेंदबाज विकेट लेने में कामयाब नहीं हो पाया।
ऑस्ट्रेलिया की पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल स्टार्क 26 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। पूरी टीम 104 रन पर ढेर हो गई। सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मैकस्वीन ने आउट होने से पहले 10 रन बनाए। लैबुशेन दो रन बनाकर आउट हो गए, जबकि स्टीव स्मिथ बिना खाता खोले आउट हो गए। ट्रैविस हेड 11 रन बना पाए और मिशेल मार्श छह रन बनाकर आउट हो गए।
भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाया
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट लिए। बुमराह ने 18 ओवर में 30 रन दिए, जिसमें छह मेडन शामिल हैं। हर्षित राणा ने 15.2 ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने 13 ओवर में 20 रन देकर दो विकेट लिए। नितीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को कोई विकेट नहीं मिला।

