IND va AFG: टीम इंडिया और अफगानिस्तान के बीच मोहाली में होने वाले पहले टी20 मैच में विराट कोहली नहीं खेलेंगे. भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा है कि कोहली दूसरे और तीसरे टी20 मैच में खेलेंगे. भारत के लिए ओपनिंग मैच में रोहित शर्मा और यशस्वी जयसवाल ओपनिंग जोड़ी के तौर पर नजर आएंगे. बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज 11 जनवरी से शुरू हो रही है. टीम इंडिया मौजूदा सीरीज पर फोकस करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2024 की तैयारी कर रही है.
रोहित और यशस्वी करेंगे ओपनिंग
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 मैच से पहले हेड कोच द्रविड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा कि कोहली निजी कारणों से 11 जनवरी को पहला मैच नहीं खेलेंगे. हालांकि, वह दूसरे और तीसरे टी20 मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे. द्रविड़ ने टीम इंडिया के लिए ओपनिंग कॉम्बिनेशन पर भी चर्चा की और कहा कि पहले मैच में रोहित शर्मा और यशस्वी जयसवाल ओपनिंग करेंगे.
ईशान और अय्यर के खबरों का किया खंडन
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने श्रेयस अय्यर को अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में शामिल नहीं किया, जिससे कई तरह की अटकलें लगाई गईं। द्रविड़ ने साफ किया कि टीम कई बल्लेबाजों के साथ काम कर रही है और इसीलिए फिलहाल अय्यर को मौका नहीं दिया गया है. उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है और द्रविड़ ने इन बातों को लेकर मोहाली में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 मैच से एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात कही है.
यह भी पढ़ें: IND vs AFG 1st T20: T20 में रोहित-विराट की वापसी, ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन
गौरतलब है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा लंबे समय बाद भारत की टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं. कोहली और रोहित दोनों एक साल से ज्यादा समय से टी20 टीम से बाहर हैं, लेकिन अब उन्हें मौका दिया गया है. कोहली और रोहित टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी भारतीय टीम का हिस्सा हो सकते हैं.

