आजमगढ़ बीएड की परीक्षा देकर भाई के साथ घर लौट रही प्रशिक्षु युवती पर एकतरफा प्यार में पागल एक युवक ने चाकू से प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाके के लोगों ने हमलावर युवक को पकड़ कर उसकी जमकर पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। वारदात मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के इटैली बाजार में बुधवार की दोपहर घटित हुई। युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
क्या था पूरा मामला?
तरवां थाना क्षेत्र के उमरी ग्राम निवासी सुनीत पांडेय की 26 वर्षीय पुत्री नेहा मेहनाजपुर क्षेत्र में स्थित कूबा पीजी कालेज में बुधवार को अपने भाई आदित्य के साथ बीएड की परीक्षा देने गई थी। परीक्षा देकर नेहा भाई के साथ दोपहर में घर लौट रही थी। क्षेत्र के इटैली बाजार में अपने दोस्त के साथ मौजूद उमरी ग्राम निवासी रितेश पुत्र रवीन्द्र यादव ने भाई के साथ आ रही नेहा पर अचानक चाकू से प्रहार कर दिया। यह देख आदित्य किसी तरह बहन नेहा की जान बचाने में कामयाब रहा। इस घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हमलावर युवक को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान हमलावर के साथ रहा उसका दोस्त मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया, जहां दोनों का ईलाज चल रहा है।
बताते हैं कि कुछ समय पहले हमलावर युवक ने घायल नेहा पर हमला किया था। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया एक तरफा प्यार में असफल होने पर रितेश यादव नामक युवक ने युवती पर चाकू से हमला किया है। युवती का उपचार चल रहा, हालत खतरे से बाहर है । आरोपी युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। योग के पास से चाकू भी बरामद कर लिया गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

