आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग जिसे लोग क्रिकेट का महाकुंभ भी कहते है। इस साल इसकी शुरुआत इसी महीने की आखिरी तारीख यानी 31 मार्च से होगी। सभी टीमें इस आईपीएल समर में कूदने के लिए कमर कस ली है। दिल्ली कैपिटल्स ने अपने नियमित कप्तान ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वार्नर को कप्तान नियुक्त किया है। बता दें कि ऋषभ पंत एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे जिस वजह से वह इस आईपीएल सीजन में नहीं खेल रहे है। वह वर्तमान में रिहैब और रिकवरी से गुजर रहे हैं।
इस वजह से जेएसडब्ल्यू-जीएमआर के सह-स्वामित्व वाली दिल्ली कैपिटल्स ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सत्र के लिए डेविड वार्नर को कप्तान घोषित किया है। ऑस्ट्रेलिया के साथ टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर अक्षर पटेल को टीम ने उपकप्तान बनाकर इनाम दिया है। इसके अलावा फ्रेंचाइजी ने भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को फ्रेंचाइजी का क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया है। गांगुली इससे पहले भी 2019 सीजन के दौरान मेंटर की भूमिका में दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े रहे हैं।
वार्नर ने पंत के लिए कही बड़ी बात
अपनी नई भूमिका पर वार्नर ने टीम द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा, “ऋषभ दिल्ली के लिए एक शानदार कप्तान रहे हैं, और हम सभी को उनकी कमी खलेगी। मैं विश्वास और भरोसे के लिए प्रबंधन को धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने हमेशा मुझमें विश्वास दिखाया है। यह फ्रेंचाइजी हमेशा मेरे लिए घर रही है, और मैं खिलाड़ियों के इस तरह के सर्वोच्च प्रतिभाशाली समूह का नेतृत्व करने के लिए उत्साहित हूं। मैं उन सभी से मिलने का और इंतजार नहीं कर सकता!”
इस बीच, क्रिकेट निदेशक सौरव गांगुली ने कहा, “मैं दिल्ली के साथ वापस आने के लिए उत्साहित हूं। पिछले कुछ महीनों में महिला टीम और प्रिटोरिया कैपिटल्स के साथ मेरा जुड़ाव शानदार रहा है, और मैं आईपीएल के आगामी सत्र का इंतजार कर रहा हूं। मेरे पिछले कार्यकाल के दौरान एक टीम के रूप में दिल्ली ने अच्छा प्रदर्शन किया था। मैं उन्हें एक समूह के रूप में देखने के लिए उत्सुक हूं। उम्मीद है, हम सभी के लिए एक अच्छा सीजन होगा।”

