मेरठ के चर्चित तिहरे हत्याकांड का आरोपित हाजी इजलाल शुक्रवार को 15 साल बाद जेल से रिहा हो गया। इजलाल का भाई अफजाल पिछले वर्ष ही जमानत पर रिहा हो गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली पुलिस सतर्क हो गई है।
दो मई 2008 को थाना कोतवाली क्षेत्र के गुदड़ी बाजार में मेरठ कॉलेज के तीन छात्रों सुधीर उज्ज्वल, सुनील ढाका और पुनीत गिरी की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इसके बाद तीनों के शव को कार की डिग्गी में डालकर हत्यारोपियों ने बागपत जनपद में बिनौली नहर के पास फेंक दिया था। व्यापारियों ने भी मेरठ बंद आयोजित किया था। यह तिहरा हत्याकांड दिल्ली से लेकर लखनऊ तक गूंजा था।
छात्रों ने भी आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन किया था। महिला मित्र को लेकर तिहरे हत्याकांड में हाजी इजलाल और उसके भाई अफजाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इजलाल 2008 से मेरठ जेल में है। इजलाल का भाई अफजाल 2022 में ही जमानत पर जेल से छूट गया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को 15 साल से जेल में बंद इजलाल को रिहा कर दिया गया। जेल से रिहाई के बाद इजराल परिवार के साथ घर पहुंच गया। कोतवाली क्षेत्र की पुलिस सतर्क हो गई है। मृतक सुनील ढाका के भाई अनिल ढाका का कहना है कि वे इस मामले में कोर्ट में अपील करेंगे।

