भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने आज बुधवार को ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की है। इस सीरीज में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले खिलाडियों की रैंकिंग में काफी सुधार देखने को मिला है। बता दें कि आईसीसी द्वारा जारी टेस्ट रैंकिंग में स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इसके अलावा शतक लगाने वाले रन मशीन भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने भी लंबी छलांग लगाई है।
बता दें कि पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने तीन साल के बाद शतक लगाया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट में अपने करियर का 28वां शतक जमाया। विराट कोहली ने बल्लेबाजी रैंकिंग में सात अंको की लंबी छलांग लगाते हुए 13वां स्थान हासिल किया। बता दें कि भारत के ऋषभ पंत (9वें स्थान) और कप्तान रोहित शर्मा (10वें स्थान) टॉप-10 बल्लेबाजों में शामिल हैं।
भारत के स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को 10 अंक से पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। बता दें कि इस रैंकिंग के जारी होने से पहले अश्विन और एंडरसन दोनों संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर थे। दोनों के समान अंक थे लेकिन अब भारतीय ऑफ स्पिनर एंडरसन से आगे निकल गए हैं।
इसके अलावा रैंकिंग में ऑलराउंडर्स की बात करें तो बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले रवींद्र जडेजा शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। जडेजा के अलावा अक्षर पटेल को भी जबर्दस्त फायदा मिला है। अक्षर पटेल ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए तीन शानदार अर्धशतक जमाए। इसके अलावा दो विकेट भी लिए। पटेल ने बल्लेबाजी रैंकिंग में आठ स्थान की छलांग लगाते हुए 44वां स्थान हासिल किया। वहीं वो ऑलराउंडर्स की लिस्ट में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।

