भारत के हरफनमौला खिलाडी रवींद्र जडेजा पर आईसीसी ने जुर्माना लगाया है। आईसीसी ने रवींद्र जडेजा को आचार संहिता उल्लंघन करने का दोषी पाया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान आईसीसी ने रवींद्र जडेजा को आचार संहिता के लेवल एक का दोषी पाया है। आईसीसी ने जडेजा पर मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही आईसीसी ने जडेजा को एक डी-मेरिट प्वाइंट भी दिए है।
दरअसल जडेजा को मैच के दौरान गेंदबाजी करते हुए उंगली में क्रीम लगाने का दोषी पाया गया है। जडेजा जिस दौरान अपने उंगली में क्रीम लगा रहे थे उस दौरान उनके हांथ में गेंद थी। क्रीम का उपयोग जडेजा ने अंपायर को बिना बताए किया था। ऐसे में आईसीसी ने नियम के मुताबिक, उन्हें दोषी माना है। हालांकि आईसीसी इस बात से संतुष्ट दिखी कि जडेजा ने गेंद पर कोई बाहरी पदार्थ नहीं लगाया।
बता दें कि मैच के पहले दिन एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमे दिख रहा था कि रवींद्र जडेजा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के हाथ में लगी क्रीम को अपनी उंगली में लगा रहे हैं। इस दौरान उनके हाथ में गेंद भी थी। इस पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान वॉन ने निशाना साधते हुए लिखा था कि वे अपनी स्पिन कराने वाली उंगली पर क्या लगा रहे हैं ? ऐसा कभी नहीं देखा।
बहरहाल रवींद्र जडेजा ने 5 महीने बाद टीम में वापसी की है और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में 7 विकेट लेने के अलावा 70 रन की बेहतरीन पारी भी खेली। भारत ने इस मैच को पारी और 132 रन से जीता।

