दिल्ली पुलिस ने आज गुरुवार को अपना 76 वां स्थापना दिवस मनाया। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सबसे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने परेड की सलामी ली।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथियों ने परेड ग्राउंड का दौरा कर प्रतियोगियों की परेड का निरीक्षण कर किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस की अलग-अलग टुकड़ियों ने हिस्सा लिया, तो वहीं दूसरी ओर गैलेंट्री, विशिष्ट सेवा के राष्ट्रपति पदक और मेधावी सेवा के लिए पुलिस पदक के लिए पुलिस कर्मियों को पदक प्रदान किए गए।
शहीद हुए जवानों को दिया श्रद्धांजलि
इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। गृह मंत्री अमित शाह ने बीते सालों में दिल्ली पुलिस के शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मैं उन जवानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहता हूं, जिन्होंने सेवा में अपने जीवन का बलिदान दिया। उन्होनें कोरोना महामारी के दौरान दिल्ली पुलिस के द्वारा किए कामों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के दौरान दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी को निभाया है।
वामपंथ जल्द होगा खत्म
अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को खत्म करने का जिक्र करते हुए कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद वहाँ टूरिज्म बढ़ा है और आतंकवाद खत्म हुआ है। वहीं, देश के दक्षिणी हिस्से में मोदी सरकार आने के बाद वामपंथ पर लगाम लगी है। उन्होंने कहा कि पहले वामपंथ तमिलनाडु से लेकर तिरुपति बालाजी तक बढ़ चुका था, लेकिन अब केवल 46 पुलिस थानों तक ही बचा है, जिसे जल्द ही खत्म किया जाएगा।
अमित शाह का बड़ा ऐलान
इस खास मौके पर गृहमंत्री अमित शाह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भारतीय दंड संहिता यानी IPC, आपराधिक प्रक्रिया संहिता यानी CRPC और एविडेंस एक्ट के कुछ कानूनों में संशोधन किया जाएगा।
इसके अलावा उन्होनें कहा कि दिल्ली में रहने वाले भारत के नागरिकों को अपने पासपोर्ट के बारे में चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वे अब 5 दिनों के भीतर पुलिस मंजूरी प्राप्त करेंगे और मोबाइल कैमरे द्वारा पासपोर्ट सेवा का सत्यापन होगा।
6 आधुनिक फॉरेंसिक मोबाइल वैन
स्थापना दिवस के मौके पर दिल्ली पुलिस आयुक्त ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने बीते 75 सालों में पुलिस कार्य के दौरान कई उतार चढ़ाव देखे हैं। हर वर्ष पुलिसिंग को सशक्त और आधुनिक करने के लिए काम किए गए हैं। 76वें दिल्ली पुलिस स्थापना दिवस पर दिल्ली पुलिस के बेड़े में 6 आधुनिक तकनीक से लैस फॉरेंसिक मोबाइल वैन शामिल की गई हैं, जिनकी मदद से आपराधिक घटनाओं को तुरंत सुलझाया जा सकेगा। साथ ही स्पेशल सेल के अधिकारियों को नई वर्दी भी दी गई है।

