Hemant Soren Oath Ceremony: झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने राजभवन में हेमंत सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। हेमंत सोरेन तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने हैं। बुधवार को चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मिली जमानत
गौरतलब है कि हाल ही में जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। इसके बाद बुधवार को इंडिया एलायंस की बैठक में चंपई सोरेन की जगह हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री बनाने पर सहमति बनी। इसके बाद हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने हेमंत सोरेन को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।
सर्वसम्मति से चुना गया नेता
इससे पहले, सत्तारूढ़ गठबंधन के नेताओं और विधायकों ने चंपई सोरेन के आवास पर एक बैठक में सर्वसम्मति से हेमंत सोरेन को झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) विधायक दल का नेता चुना। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद दो फरवरी को झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले चंपई सोरेन ने राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष की मौजूदगी में अपना इस्तीफा सौंपकर दिनभर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया।

