Delhi-NCR Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। नोएडा और एनसीआर के अन्य इलाकों में भी भारी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से दिल्ली और नोएडा की सड़कें जलमग्न हो गई हैं और कई जगहों पर जलभराव देखने को मिला है। दिल्ली में बारिश की वजह से कुछ इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी हुई है।
उमस भरी गर्मी से राहत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में गरज और बिजली के साथ भारी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं जलभराव की वजह से परेशानी भी हुई है। बुधवार को दिन में उमस भरी गर्मी से लोग काफी परेशान रहे, लेकिन शाम होते-होते बारिश की वजह से गर्मी से राहत मिली।
दिल्ली में रेड अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार शाम को हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की खबरें आईं, जिसके चलते दिल्ली के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय आपातकालीन बाढ़ मार्गदर्शन बुलेटिन में दिल्ली को ‘चिंता वाले क्षेत्रों’ की सूची में शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें: Delhi Liquor Policy Case: सीएम केजरीवाल, सिसोदिया और के.कविता को लगा झटका, जानें अदालत ने कब तक बढ़ाई न्यायिक हिरासत
मौसम विभाग की बारिश की चेतावनी
इससे पहले मौसम विभाग ने बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। आईएमडी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आईएमडी के अनुसार, 5 अगस्त तक बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
बुधवार रहा सबसे गर्म
गौरतलब है कि मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक और इस जुलाई में सबसे अधिक है। इस साल जुलाई में पिछला अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस था, जो 12 जुलाई को दर्ज किया गया था। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में लोग भीषण उमस से जूझ रहे हैं।

