Greater Noida: जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को किसानों को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार उनकी सभी जायज मांगों को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रबूपुरा स्थित अपने आवास पर किसानों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान विधायक ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार किसानों के वाजिब हक को सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।”
5 सदस्यीय समिति का गठन
पिछले कुछ दिनों से जिले के किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। इन समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत सक्रियता दिखाई और ग्रेटर नोएडा व नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण से संबंधित किसानों की समस्याओं को हल करने के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया। इस पहल के बाद किसानों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।
किसानों ने सौंपा मांग पत्र
भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के अध्यक्ष श्यौराज सिंह और भारतीय किसान यूनियन भानु समेत कई किसान संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जेवर विधायक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर एक मांग पत्र सौंपा।
“अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी”
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा, “किसानों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही उन अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी, जो किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय सरकार को गुमराह करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के अधिकारों और उनकी जमीन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
पुरानी सरकारों की नीतियों पर निशाना
विधायक ने पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को जो वर्तमान समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं, वह पुरानी सरकारों की गलत नीतियों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा, “हालांकि वर्तमान सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसानों को न्याय मिले और उनके अधिकारों की पूरी रक्षा हो।”
ये भी पढें..
सरकार किसानों के साथ खड़ी
विधायक धीरेंद्र सिंह ने भरोसा दिलाते हुए कहा, “किसानों की सभी जायज मांगों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।”

