Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला और उसकी मासूम बेटी की जान चली गई। घटना के समय महिला का पति भी मौके पर मौजूद था। यह हादसा उस वक्त हुआ जब अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रही मां-बेटी को टक्कर मार दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी चालक की तलाश जारी है।
खेत से लौटते वक्त हुआ हादसा
ग्रेटर नोएडा के बड़पुरा गांव निवासी सुखराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी आरती देवी और बेटी आरोही के साथ खेत पर धान की फसल काटने गए थे। फसल काटने के बाद पूरा परिवार पैदल ही गांव लौट रहा था। सड़क पार करते समय आरती देवी और आरोही आगे चल रही थीं। उसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
मासूम की मौके पर मौत, अस्पताल में पत्नी ने तोड़ा दम
इस हादसे में मासूम आरोही की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल आरती देवी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस घटना से गांव में शोक की लहर है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मृतक के पति सुखराम की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना दादरी पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
ये भी पढें..
शोक में डूबा परिवार
इस दर्दनाक हादसे ने सुखराम के परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी को जल्द पकड़ने और कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि वाहन और आरोपी का पता लगाया जा सके।

