Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में जाम की समस्या से निपटने और यातायात को सुचारु बनाने के लिए पुलिस ने मंगलवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस विशेष अभियान में जेसीबी मशीनों का उपयोग करते हुए सड़कों पर रखे सामान और गलत तरीके से खड़ी गाड़ियों को हटाया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान में एसीपी दादरी, थानाध्यक्ष, ट्रैफिक पुलिस और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
व्यापारियों के साथ हुई बैठक के बाद हुआ अभियान शुरू
अभियान की शुरुआत से पहले स्थानीय व्यापारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई थी। पुलिस ने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए समझाया कि अतिक्रमण न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि इससे नागरिकों को भारी परेशानी होती है। अभियान में पुलिस ने दादरी नगर के मुख्य तिराहे से लगभग 500 मीटर दूर तक अतिक्रमण हटाया।
पुलिस ने बताया कि यातायात माह (नवंबर) के दौरान पुलिस कमिश्नर ने अतिक्रमण हटाने के संकेत दिए थे। उसी के मद्देनज़र 26 दिसंबर से विशेष अभियान की शुरुआत की गई है।
दादरी में जाम से परेशान लोग
दादरी नगर, जो कभी जिले की आर्थिक और सांस्कृतिक राजधानी माना जाता था, अब जाम के कारण बदनाम हो गया है। व्यापारियों द्वारा सड़कों पर किए गए अतिक्रमण, ऑटो और ई-रिक्शा की अनियंत्रित पार्किंग ने इस समस्या को और बढ़ा दिया है। यहां जाम की समस्या इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोग दादरी आने से भी डरते हैं।
एनएचएआई ने सात किलोमीटर लंबे दादरी बाईपास का निर्माण कर इस समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया था, लेकिन मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण के चलते जाम की समस्या विकराल बनी हुई है। इससे स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
ये भी पढें..
Maharashtra: सैलरी सिर्फ 13 हजार, कर दिया 21 करोड़ 59 लाख का घोटाला, पोल खुली तो लोग रह गए दंग
पुलिस की अपील और कड़ी कार्रवाई का संकल्प
पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दादरी को ट्रैफिक जाम से पूरी तरह मुक्त किया जाएगा। व्यापारियों और नागरिकों से अपील की गई है कि वे सड़क पर सामान रखने और गलत जगह पार्किंग करने से बचें।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई अतिक्रमण करता पाया गया तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दादरी के नागरिकों ने इस अभियान का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि अब शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

