Greater Noida: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम इन दिनों ग्रेटर नोएडा में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले अपने पहले टेस्ट मैच की तैयारियों में जुटी हुई है। यह ऐतिहासिक मैच 9 से 13 सितंबर तक विजय सिंह पथिक स्टेडियम में खेला जाएगा। शुक्रवार को अफगान टीम के खिलाड़ियों ने सूरजपुर कस्बे की एक स्थानीय मस्जिद में नमाज अदा की। इस दौरान टीम की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया, जिसके चलते अफगान टीम की बस के आगे-पीछे पुलिस का कड़ा घेरा रहा।
न्यूजीलैंड टीम 5 सितंबर को पहुंचेगी
पूर्व टेस्ट चैंपियन न्यूजीलैंड की टीम 5 सितंबर को ग्रेटर नोएडा पहुंचेगी। इससे पहले, किवी टीम के बोर्ड प्रबंधन के सदस्य ग्रेटर नोएडा आए और यहां की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा और साफ-सफाई के मसलों पर अपनी बात रखी, जिस पर उन्हें स्थानीय प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया। दोनों टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 9 से 13 सितंबर तक खेला जाएगा।
अफगान टीम का जोरदार अभ्यास
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने हाल ही में 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की है, जिसमें हशमतुल्लाह शाहिदी को कप्तान नियुक्त किया गया है। टीम अगले एक सप्ताह तक ग्रेटर नोएडा में जोरदार अभ्यास करेगी। टीम को दो हिस्सों में बांटकर अभ्यास किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों की फिटनेस और स्पर्धा के स्तर का आकलन किया जा सके। इसके बाद 15 सदस्यीय टीम का चयन किया जाएगा और इन 15 खिलाड़ियों में से अंतिम एकादश का चयन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें..
राशिद खान की कमी खलेगी
मुख्य चयनकर्ता अहमद शाह सुलेमानखेल ने बताया कि इस मैच में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण देखने को मिलेगा। कुछ युवा खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और उन्हें इस टेस्ट मैच में मौका दिया जा सकता है। हालांकि, राशिद खान की गैरमौजूदगी इस टेस्ट मैच को अफगान टीम के लिए चुनौतीपूर्ण बना सकती है, क्योंकि वह न केवल टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं, बल्कि भारतीय परिस्थितियों से भी भली-भांति परिचित हैं।

