Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर एक पेट्रोल पंप मैनेजर को डीजल के पैसे मांगने पर पीटे जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मैनेजर को लहूलुहान कर दिया और घटना के बाद मौके से फरार हो गए। पीड़ित मैनेजर ने इस घटना की शिकायत पुलिस से की है।
क्या है पूरा मामला?
मूल रूप से कानपुर के रहने वाले अमित, यमुना एक्सप्रेसवे से सटे चपरगढ़ गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के मैनेजर हैं। शनिवार रात को दनकौर क्षेत्र के एक गांव के दो व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने पहुंचे। ट्रैक्टर में लगभग 1,000 रुपये का डीजल भरवाया गया। जब अमित ने उनसे डीजल के पैसे मांगे, तो आरोपियों ने कहा कि वे ऑनलाइन भुगतान करेंगे।
पीड़ित अमित का कहना है कि लंबे समय तक पैसे न मिलने के बाद जब उसने आरोपियों से फिर से पैसे मांगे, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपियों ने गुस्से में आकर अमित पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह अमित को आरोपियों से बचाया।
पुलिस का बयान
पुलिस ने इस मामले में बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें..
Noida News: नोएडा में भगवान की मूर्ति तोडने पर विवाद, भारी संख्या में पुलिसफोर्स तैनात
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने पेट्रोल पंप पर इस तरह की घटनाओं पर चिंता जताई है और सुरक्षा के उपाय बढ़ाने की मांग की है।

