Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में एक महिला ने गैंगस्टर रवि काना गैंग की सदस्य काजल झा, उसके पिता सुनील कुमार झा और दो प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ फ्लैट पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता महिला, सर्वप्रिय पत्नी ने पुलिस को बताया कि उनका फ्लैट मून कोर्ट, जेपी ग्रीन सोसाइटी में है, जिसे वे किराए पर देना चाह रही थीं। इसके लिए उन्होंने महिपाल और नीरज नामक प्रॉपर्टी डीलरों से संपर्क किया था। 26 जुलाई 2024 को दोनों डीलरों ने उन्हें सुनील कुमार झा से मिलवाया, जो फ्लैट किराए पर लेना चाहते थे। सुनील कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ फ्लैट में रहेंगे।
महिला के अनुसार, उन्होंने स्पष्ट किया कि फ्लैट किसी सभ्य परिवार को ही किराए पर देना चाहती हैं और सोसाइटी के नियमों के अनुसार पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य है। सुनील कुमार झा इस पर सहमत हो गए।
फ्लैट पर कब्जा करने की साजिश
महिला का आरोप है कि नीरज और महिपाल के कहने पर उन्होंने फ्लैट किराए पर दे दिया, लेकिन बाद में उन्हें जानकारी मिली कि सुनील कुमार झा और उनकी बेटी काजल झा, जो कुख्यात गैंगस्टर रवि काना गैंग की सदस्य है, ने चालाकी से कूट रचित दस्तावेज तैयार कर फ्लैट पर कब्जा कर लिया। एग्रीमेंट को नोटरी करवाकर इन लोगों ने फ्लैट में प्रवेश किया।
ये भी पढ़ें..
Rahul Gandhi: राहुल गांधी के SC, ST, OBC को लेकर बयान पर बवाल, कई थानों में शिकायतें दर्ज
महिला ने बताया कि आसपास के लोगों ने उन्हें बताया कि सुनील कुमार झा और काजल झा बड़े खतरनाक अपराधी हैं। जानकारी करने पर महिला को पता चला कि काजल झा रवि काना गैंग की सदस्य हैं।
धमकियों का सिलसिला
जब महिला ने इस मामले में सुनील कुमार झा से बात की, तो उन्हें और उनकी बेटी काजल ने धमकाया। महिला ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने फर्जी कागजातों के आधार पर उनके फ्लैट पर कब्जा कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि गैंगस्टर रवि काना गैंग के सदस्य उनके और उनके पति के खिलाफ कोई गंभीर घटना को अंजाम दे सकते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
ये भी पढ़ें..
Rahul Gandhi: राहुल गांधी के SC, ST, OBC को लेकर बयान पर बवाल, कई थानों में शिकायतें दर्ज
जांच जारी
बीटा-2 थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

