Greater Noida News: कहते हैं प्यार का जुनून बेहद खतरनाक होता है। एक बार किसी पर यह चढ़ जाए तो फिर उसे बर्बाद करके ही रहता है। ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा में देखने को मिला, जहां एक युवक दूसरे व्यक्ति की पत्नी को मैसेज कर रहा था। महिला के पति ने पहले तो युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं रुका तो आज बड़ी घटना हो गई। गुरुवार को पति ने पत्नी को मैसेज कर रहे युवक की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि घटना बादलपुर थाना क्षेत्र स्थित धूम मानिकपुर गांव की है। यहां सोनू नाम का युवक संजय की पत्नी को मैसेज कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में काफी समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को फिर से विवाद बढ़ गया और इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि विवाद के दौरान संजय ने सोनू पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायल सोनू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी संजय को हिरासत में ले लिया गया है।

