Greater Noida News: ट्रैफिक जाम से जूझ रहे एनसीआर के लिए एक और अच्छी खबर है। ग्रेटर नोएडा के तिलपता में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए बाईपास का निर्माण किया जाएगा। करीब 2300 मीटर लंबा यह बाईपास रोड 130 मीटर रोड से शुरू होकर खोदना कलां होते हुए रूपबास गांव के पास दादरी बाईपास से जुड़ेगा। सर्वे का काम पूरा करने के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
बता दें कि बाईपास बनने के बाद दादरी शहर, जीटी रोड, लाल कुआं और आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। इससे लाखों लोगों को काफी फायदा होगा। प्राधिकरण क्षेत्र में दादरी-सूरजपुर और छलेरा (डीएससी) मार्ग पर स्थित प्रमुख गांव तिलपता में वाहन चालकों को अक्सर जाम का सामना करना पड़ता है।
इस परियोजना पर जल्द शुरू होगा काम
तिलपता में अंतरराष्ट्रीय कंटेनर डिपो होने के कारण दिन-रात भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ जाती है, सुबह से रात तक ट्रैफिक का दबाव बना रहता है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। दशकों पुरानी इस समस्या के समाधान के लिए प्राधिकरण ने यहां बाईपास बनाने की योजना बनाई है। इस संबंध में सीईओ की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं और इस परियोजना पर जल्द से जल्द काम शुरू होना है।
कहां बनेगा बाईपास
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार बाईपास रोड के लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है। इस परियोजना के अंतर्गत आने वाली जमीन खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। बाईपास रोड तिलपता गोल चक्कर के पास 130 मीटर रोड से शुरू होकर खोदना कलां, श्यौजरपुर और कैलाशपुर गांवों से होते हुए दादरी में रूपबास गांव के पास मौजूदा बाईपास रोड से जुड़ेगा। बाईपास रोड 2300 मीटर लंबा और 60 मीटर चौड़ा होगा। इस बाईपास रोड की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
क्यों है इसकी जरूरत?
तिलपता में अंतरराष्ट्रीय कंटेनर डिपो के पास गति शक्ति कार्गो टर्मनल विकसित करने का प्रस्ताव है। बोर्ड की मंजूरी के बाद तैयारियां शुरू हो गई हैं। भविष्य में इस रूट पर ट्रैफिक का दबाव और बढ़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए बाईपास निर्माण की जरूरत महसूस की जा रही है। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा फेज-2 की स्थापना की तैयारी चल रही है। इस काम को पहले पूरा करना जरूरी है।
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के ओएसडी हिमांशु वर्मा ने बताया, “तिलपता में बाईपास निर्माण के लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है। अब किसानों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। बाईपास रोड बन जाने से जाम की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। इलाके के लाखों लोगों को इसका फायदा मिलेगा। इस प्रोजेक्ट पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।”

