Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लिफ्ट से जुड़ी घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सेवियर ग्रीनार्च सोसायटी का है, जहां रविवार रात एक बच्चा करीब एक घंटे तक लिफ्ट में फंसा रहा। घटना 11 अगस्त की रात की है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है मामला:
सोसाइटी में रहने वाला एक बच्चा लिफ्ट में अकेला ंस गया। बच्चा डरकर रोने और चीखने लगा। शोर सुनकर सोसायटी के स्टाफ को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार बच्चे को बचा लिया गया, जिससे परिवार को राहत मिली। घटना को लेकर लोगों में गुस्सा है और उनका कहना है कि लिफ्ट में फंसना तो समझ में आता है, लेकिन बचाव का तरीका और भी खतरनाक था।
निवासियों ने पूछे सवाल:
लिफ्ट एक्ट कानून का क्या हुआ? राज्य सरकार ने इसे लागू कर दिया, लेकिन प्रशासन, पुलिस और अधिकारी इसका पालन नहीं कर रहे हैं।
सोसाइटियों में अग्निशमन उपकरणों का उचित ऑडिट और मरम्मत क्यों नहीं होती? बिल्डर नियमित रूप से उपकरणों को बदल या मरम्मत नहीं कर रहे हैं।
ऊंची इमारतों का स्ट्रक्चरल ऑडिट क्यों नहीं होता? इसके लिए लगातार मांग की जा रही है। नीति तो बनी, लेकिन उस पर अमल नहीं हो रहा।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का सही तरीके से क्रियान्वयन क्यों नहीं हो रहा? इससे हाउसिंग सोसायटी के निवासियों को असहनीय परिस्थितियों में रहना पड़ रहा है।
अधिकारियों के प्रति गुस्सा
लोगों का आरोप है कि अधिकारी बिल्डरों के आगे झुके हुए हैं और कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि ऐसी घटनाओं के बावजूद किसी बिल्डर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी और मामला सिर्फ नोटिस जारी करने तक ही सीमित रह जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों को उम्मीद है कि स्थानीय प्रशासन और अधिकारी इन मुद्दों को गंभीरता से लेंगे और जरूरी कदम उठाएंगे।
यह भी पढ़ें: Delhi News: 12 अगस्त को सामूहिक हड़ताल पर रहेंगे डॉक्टर, राजधानी में स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी बाधित
मुख्यमंत्री से अपील
यह घटना उत्तर प्रदेश सरकार के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील कर रहे हैं कि वे हस्तक्षेप करें और ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि वे घटना की जांच कर रहे हैं और जरूरी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, निवासियों को अभी भी संदेह है कि क्या वास्तव में कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस बीच, सोसायटी प्रबंधन को लिफ्टों की नियमित जांच और मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। निवासियों से भी सतर्क रहने तथा किसी भी असामान्य स्थिति की तुरंत प्रबंधन को सूचना देने का आग्रह किया गया है।

